युवा जल संरक्षण समिति (रजि०)

पंजीकरण संख्या : GHA/00781/2019-2020

युवा जल संरक्षण समिति ऐसे शिक्षित युवाओं का समूह है जिसने अपने क्षेत्र में गिरते भू जल स्तर की कमी से जूझते हुए लोगों को देख कर न सिर्फ भू जल संरक्षण की प्रतिज्ञा ली है बल्कि हरहाल में लोगों को जल के संरक्षण के प्रति जागरूक करने, जल का अनावश्यक दोहन न करने व भविष्य में जल संकट के कारण आने वाली चुनौतियां से लोगो को अवगत कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। युवा जल संरक्षण समिति शहर की एक_एक गली में घूम लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है। समिति के युवा अब तक विभिन्न कॉलोनियों में जाकर भू जल का अनावश्यक दोहन करने वाले हजारों लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक कर चुके हैं तथा सैकड़ों की संख्या में खुले पानी के कनेक्शन पर संबंधित अधिकारी की मदद से टोंटिया लगा कर लाखों लीटर पानी की बरबादी को रोक चुके हैं।

समिति की शुरुआत से पहले समिति के ही कुछ युवाओं ने आपस में मिलकर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की पहल की। धीरे धीरे शहर के युवाओं व अन्य लोगों का जल संरक्षण के प्रति जुड़ाव को देखते हुए इस समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया जिसमें आज सैकड़ों की संख्या में लोग घर घर जाकर लोगों का जागरूक करने का काम कर रहे हैं।समिति का मुख्य उद्देश्य जल का अनावश्यक दोहन रोकना, लोगों तक जल संरक्षण के उपाय पहुंचाना, जल का सदुपयोग करना, खाली व सूखे पड़े तालाबों, जलाशयों, नालों आदि को पुनः जल संग्रह हेतु उपयोग में लाना, घरों से निकलने वाले पानी को नदी नालों में न बहाकर पुनः रिसाइकिल कर उपयोग में लाना, बरसात के पानी को वॉटर हार्वेस्टिंग आदि के माध्यम से गिरते भू जल स्तर को बढ़ाना आदि हैं।

जल जीवन का आधार है। जल न हो तो हमारे जीवन का आधार ही समाप्त हो जाये। दैनिक जीवन के कई कार्य बिना जल के सम्भव नहीं हैं। लेकिन धीरे-धीरे धरती पर जल की कमी होती जा रही है। साथ ही जो भी जल उपलब्ध है वह भी काफी हद तक प्रदूषित है। जिसका इस्तेमाल खाने-पीने एवं फसलों में कर लोग गंभीर बीमारियों से परेशान हैं। धरती पर जीवन बचाये रखने के लिए हमें इसके बचाव की ओर ध्यान देना पड़ेगा। हमें जल को व्यर्थ उपयोग नहीं करना चाहिये और उसे प्रदूषित होने से भी बचाना चाहिये।